नोएडा:EROS TIMES: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली मेट्रो की 12 किमी लंबी मेजेंटा लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने बॉटेनिकल गार्डन से ओखला बर्ड सेंचुरी स्टेशनों के बीच मेट्रो की सवारी भी की। मोदी ने नई मेट्रो लाइन की सवारी की, इसमें उनके साथ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आवास तथा शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रमुख मंगू सिंह भी थे।
पीएम ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और कहा कि आज योगी आदित्यनाथ ने यह भ्रम तोड़ा है कि कोई सीएम नोएडा नहीं आ सकता। मुझे खुशी है कि जिस नोएडा में किसी मुख्यमंत्री के न आने की छवि बन गई थी, उस मिथक को योगी जी ने गलत साबित किया। इसके लिए मैं हृदय से योगी जी को बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी सीएम के नोएडा नहीं आने का कारण अंधविश्वास ही रहा है। लोग कहते हैं कि जो सीएम नोएडा आता है, उसकी कुर्सी चली जाती है। लेकिन योगी जी ने उस भ्रम और मिथक को तोड़ दिया।






