EROS TIMES: गाजीपुर मरदह। थाना क्षेत्र के बिरोहिया भीखमपुर के एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये ठगी का मामला प्रकाश में आया है। ठग ने मोबाइल पर अपने आप को स्थानीय थाने का थानाध्यक्ष बताया और गूगल पे के माध्यम से पैसा मंगवा लिया। इधर जानकारी होने पर पीड़ित ने ठग को गिरफ्तार करने और धनराशि वापस दिलाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि ग्राम प्रधान जनार्दन यादव के मोबाइल पर शुक्रवार फोन आया कि वह मरदह थानाध्यक्ष बोल रहा है। पहले तो उसने हाल चाल पूछा। इसके बाद ग्राम प्रधान से पैसे की आवश्यकता बतलाई। उसने गूगल पे से 30 हजार रुपये खाते में भेजने को कहा। साथ ही दो चार दिन में कुछ बढ़ाकर पैसा वापस करने का भरोसा भी दिलाया। ग्राम प्रधान ने गूगल पे न चलाने की असमर्थता व्यक्त करते हुए कहा कि गांव निवासी विनय त्रिपाठी से पैसा भेजवा दे रहा हूं। ग्राम प्रधान के कहने पर विनय त्रिपाठी ने चार बार में 30 हजार रुपये भेज दिया।पुन: जब उक्त फर्जी दरोगा दस हजार रुपये मांगने के लिए बार -बार फोन करने लगा तो ग्राम प्रधान को ठगी का एहसास हुआ। इधर विनय त्रिपाठी ने थाने में तहरीर देकर फर्जी दरोगा द्वारा ठगे गए पैसे को वापस दिलाने की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जल्द ही ठग को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






