नोएडा। समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में नोएडा लोकमंच द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए सेक्टर-12 स्थित कम्युनिटी सेंटर में मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
यह स्वास्थ्य शिविर नोएडा लोक मंच के स्वास्थ्य प्रकल्प निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र, सुमित्रा अस्पताल, सेक्टर-12 आरडब्ल्यूए तथा एलवी कृष्णा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें लगभग 200 मरीजों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन डॉ. वी.के. गुप्ता, विनीत गर्ग, महेश सक्सेना, डॉ. डी.डी. अरोड़ा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एस.के. जैन तथा वी.के. जैन सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस प्रकार के शिविर आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं।

इस मेगा हेल्थ कैंप में सुमित्रा अस्पताल की ओर से कुल 8 डॉक्टरों और 8 स्टाफ सदस्यों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। कैंप में सामान्य रोग विशेषज्ञ, छाती रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक तथा नेत्र विशेषज्ञ मौजूद रहे, जिन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी।
शिविर में लोगों के लिए रक्तचाप जांच, ईसीजी, यूरोफ्लोमेट्री, हड्डियों की घनत्व जांच, शुगर जांच सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क किए गए। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने इन सुविधाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया।
विशेष रूप से एलवी कृष्णा फाउंडेशन की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। नेत्र विशेषज्ञों ने आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच कर मरीजों को उचित सलाह दी। कई मरीजों को शुरुआती स्तर पर आंखों की समस्याओं की पहचान होने से समय रहते उपचार कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर नोएडा लोकमंच की ओर से यह महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई कि सेक्टर-12 स्थित दवा बैंक में अब दो पूर्णतः कार्यशील आधुनिक डेंटल चेयर और अत्याधुनिक नेत्र जांच उपकरण उपलब्ध हैं। संस्था का प्रयास है कि आने वाले समय में यहां रियायती सेवा शुल्क पर नियमित दंत चिकित्सा और नेत्र जांच सेवाएं शुरू की जा सकें, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से उन लोगों तक भी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो आर्थिक या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर में प्रोजेक्ट इंचार्ज आईएएस जे.पी. शर्मा, विनीत गर्ग, एस.के. जैन, एस.पी. ढाका, प्रदीप वोहरा, अरविंद उत्तम, वी.के. जैन, रेनु छिब्बर, अनिल शर्मा, अमित, राजेश श्रीवास्तव, आर.एन. श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और संस्था के सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा दवा बैंक से जुड़े डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. इमरान, डॉ. नरेंद्र शुक्ला, डॉ. डी.डी. अरोड़ा, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र, अंकिता शुक्ला सहित अन्य चिकित्सकीय और सामाजिक टीम के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नोएडा लोकमंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे आम नागरिकों को समय रहते बीमारियों की पहचान एवं उपचार की सुविधा मिलती है।





