फूड ट्रक पॉलिसी से दिल्ली में रोजगार बढ़ेगा, लोग रात में भी लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा पाएंगे और दिल्ली की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा
फूड ट्रक पॉलिसी को पहले 16 जगहों पर शुरू किया जाएगा, फिर इसे दिल्ली के सभी स्थानों पर शुरू करेंगे
जिन स्थानों पर फूड ट्रक पॉलिसी को लागू किया जाएगा, वहां सज्जा और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा
दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर बनाए जाएंगे फूड हब, जहां भारत के फूड कल्चर को मिलेगा बढ़ावा
Eros Times: न्यूयॉर्क, ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग की तरह ही अब दिल्ली की भी अपनी “फूड ट्रक” पॉलिसी होगी। इसके तहत दिल्ली में रहने वाले लोग रात में भी विभिन्न लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा पाएंगे। इस पॉलिसी के लागू होने से दिल्ली में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और दिल्ली की अर्थव्यवस्था भी बढ़ेगी। दिल्ली फूड ट्रक पॉलिसी 2023 को विस्तार से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समक्ष प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया, जिसे सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। साथ ही सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस पॉलिसी के तहत जिन स्थानों पर फूड ट्रक की व्यवस्था की जाएगी, वहां सज्जा और साफ-सफाई का खास तौर पर ध्यान रखा जाएगा। प्रारंभिक तौर पर दिल्ली के 16 स्थानों पर फूड ट्रक योजना को लागू किया जाएगा। इसके बाद इसे दिल्ली के अन्य स्थानों पर लागू किया जाएगा।
दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी फूड ट्रक पॉलिसी

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली फूड ट्रक पॉलिसी पर ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में अर्थव्यवस्था एवं रोज़गार को बढ़ावा देने के लिए बहुत जल्द दिल्ली सरकार “फूड ट्रक पॉलिसी” ला रही है। इसे आज एक बैठक के दौरान मंज़ूरी दी गई है। इस योजना से दिल्लीवासियों को दिल्ली में देर रात भी लज़ीज़ भोजन उपलब्ध हो पाएगा। इसके अलावा बड़े स्तर पर रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था को भी मज़बूती मिलेगी।
दिल्लीवालों के लिए दिल्ली सरकार बनाएगी फूड कल्चर हब
पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल सरकार फूड ट्रक पॉलिसी लाने जा रही है। इससे दिल्ली में रोजगार के अवसर पैदा होंगे और रात के समय में दिल्ली की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इस योजना के तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में फूट कोर्ट बनाए जाएंगे, जहां पर कई फूड ट्रक एकसाथ खड़े हो सकेंगे। साथ ही दिल्लीवालों के लिए फूड कल्चर हब्स बनाए जाएंगे। जिससे रात के समय में दिल्ली की अर्थव्यस्था और रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा।
विदेशों की तर्ज पर दिल्ली में भी लोग उठाएंगे फूड ट्रक का लुत्फ
अब जल्द ही दिल्ली में लोगों को घूमते-फिरते हुए खाने पीने के भरपूर व्यवस्था मिलेगी। क्योंकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फूट ट्रक पॉलिसी को अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब राजधानी आने वाले लोग दिल्ली में इन फूड ट्रक में मिलने वाले जायके का लुफ्त उठा सकेंगे। दुनिया के कई बड़े शहरों और पर्यटन जगहों पर पहले से ही फूड ट्रक का चलन रहा है। न्यूयॉर्क, वाशिंगटन डीसी, सैन फ्रांसिस्को, एम्स्टर्डम, ब्रुसेल्स, लंदन, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, टोक्यो और हांगकांग समेत कई देशों में फूड ट्रक काफी प्रचलित हैं। इसी तर्ज पर अब केजरीवाल सरकार भी दिल्ली में फूड कल्चर को बढ़ावा देने के लिए ये पॉलिसी लाने जा रही है। जिससे कि दिल्ली में रहने वाले लोग भी विदेशों की तरह भारत के विभिन्न शहरों के फूड कल्चर का लुत्फ उठा सकें।
फूड ट्रक योजना का दिल्ली को ऐसे मिलेगा फायदा

दिल्ली फूड ट्रक योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली को “फूड ट्रक राजधानी” बनाना है। फूड ट्रक योजना लाने के पीछे दिल्ली सरकार का मकसद है कि दिल्ली में छोटे-छोटे बिजनेस को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ, दिल्ली में रोजगार के अवसर पैदा हों और रात में दिल्ली की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले। दिल्ली के लोग किसी भी समय स्वादिष्ट जायकों का लुफ्त उठा सकें और राजधानी में फूड कल्चर प्रचलित हो।
दिल्ली में 16 जगाहों पर बनाए जाएंगे फूड ट्रक हब्स
फूड ट्रक योजना के संचालन के लिए दिल्ली सरकार अलग-अलग स्थानों पर फूड ट्रक हब बनाएगी, जहां यह फूड ट्रक एकसाथ खड़े रहेंगे और वहीं से सर्विस देंगे। दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग ने प्रारंभिक तौर पर दिल्ली में फूड ट्रक हब बनाने के लिए 16 स्थानों को चिन्हित किया है। जिसमें दिल्ली के अलग-अलग जिलों में आने वाली प्रसिद्ध मार्केट प्लेस और इलाके शामिल हैं। फूड ट्रक योजना की शुरुआत इन्हीं स्थानों से की जाएगी। इसके बाद पूरे दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर फूड ट्रक हब खोले जाएंगे।
फूड हब के रख-रखाव का रखा जाएगा खास ख्याल
अरविंद केजरीवाल ने इस बात पर जोर दिया है कि फूड हब खोलने और दिल्ली में फूड कल्चर को बढ़ावा देने के साथ ही साफ-सफाई का भी खास ख्याल रखा जाए। जिसे ध्यान में रखते हुए फूड ट्रक पॉलिसी में फूट हब के रख-रखाव के काम को गंभीरता से लिया गया है। इन फूड हब के संचालन और रख-रखाव का काम एजेंसी द्वारा किया जाएगा। यह एजेंसी फूड हब की साज-सज्जा और साफ-सफाई का ध्यान रखेगी। यह भी सुनिश्चित करेगी कि सभी फूड ट्रक सरकार द्वारा बनाए गए फूड हब में रहकर ही अपना बिजनेस संचालित करें।






