नोएडा, 5 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और मातृ सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, नोएडा शाखा ने रविवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम श्री जी गौ सदन, नोएडा तथा सेक्टर-11 स्थित कम्युनिटी सेंटर पार्क में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, परिषद पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान छायादार, फलदार और पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. विजेन्द्र पाल सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान को गति दी और कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखे।
मुख्य अतिथि प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में एक पौधा भी लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. विजेन्द्र पाल सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि पशु-पक्षियों और मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और ऐसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद, नोएडा शाखा के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का भावनात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार पेड़ भी मानव जीवन के आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
परिषद के महासचिव अखिलेश भदौरिया ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी। वहीं पर्यावरण संयोजक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि परिषद का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर हरित वातावरण का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र मित्तल, सह सचिव सुमित अग्रवाल, शाखा संरक्षक प्रताप मेहता, महेश बाबू गुप्ता, केशव गंगल, डी.के. मित्तल, नरेश गर्ग, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, टी.एन. चौरसिया, मुकेश गुप्ता, अतुल वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, सुनील सेठ, राजीव अजमानी, आलोक सिंह, राजीव अग्रवाल, राकेश गुप्ता, सुधीर गोयल, नितिन बंसल, पवन अग्रवाल, देवेन्द्र कंसल, इंद्रकुमार, एस.एस. सिंघल, विनय शर्मा, अजय अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अनुज मंगल, रामरतन शर्मा, अजय जैन, अरविंद कुमार, सचिन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सुमन गुप्ता, मधु मेहता, विमला अग्रवाल सहित मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद ने श्री जी गौ सदन के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, महासचिव सुशील शर्मा, नोएडा प्राधिकरण, सहयोगी संस्थाओं, सभी सदस्यों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। परिषद का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त समाज का निर्माण संभव है।






