‘प्लास्टिक लाओ, शिक्षा पाओ’ अभियान के तहत बच्चों ने तैयार कीं पर्यावरण-अनुकूल राखियां, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा और नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमंग जोशी को बांधी राखी; रक्षाबंधन पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी राखी बांधेंगे बच्चे
नोएडा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर चैलेंजर्स की पाठशाला के बच्चों ने रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। संस्था के प्रमुख अभियान ‘प्लास्टिक लाओ, शिक्षा पाओ’ के तहत बच्चों ने प्लास्टिक, डिस्पोजल, वायर और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों का पुनः उपयोग करते हुए अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कीं।
बच्चों द्वारा तैयार की गई इन विशेष राखियों को लेकर चैलेंजर्स ग्रुप की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहल को पहुंचाया। बृहस्पतिवार को बच्चों ने पूर्व राज्यपाल श्री कलराज मिश्रा तथा नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद डॉ. हेमंग जोशी के आवास पर पहुंचकर उन्हें अपने हाथों से राखी बांधी।
वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चे देश के 14वें राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद को भी अपने हाथों से तैयार की गई राखी बांधेंगे। बच्चों की इस पहल में जहां भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश है, वहीं इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और री-यूज एवं रिसाइक्लिंग का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया जा रहा है।
बच्चों की इस अनूठी पहल की गणमान्य व्यक्तियों ने सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास की प्रशंसा करते हुए बच्चों को अपना आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर चैलेंजर्स ग्रुप के संस्थापक प्रिंस शर्मा ने कहा कि यह पहल बच्चों को केवल रचनात्मक शिक्षा ही नहीं देती, बल्कि उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा अनुपयोगी सामग्री से राखियां तैयार करना इस बात का उदाहरण है कि सही सोच और रचनात्मकता से कचरे को भी उपयोगी बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति और अधिक जागरूक करेगी।
इस मौके पर सुकन्या, अलीशा, पायल, गौरी, स्वाति, अंशिका, शीतल एवं मुक्ति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





