भाजपा फर्जी मुकदमों से मेरी ईमानदारी पर चोट करना चाहती है-केजरीवाल

हमेशा देश के लिए लड़ा हूं, मेरी एक-एक सांस, खून का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है

फर्जी केस बनाकर इन्होंने हमारे के कई नेताओं को जेल में रखा हुआ है और अब मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं

मैंने विस्तार से ईडी से जवाब मांगा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसका मतलब है कि ये भी मानते हैं समन ग़ैर क़ानूनी है

दो साल से भाजपा की सारी एजेंसियां कई बार रेड मार चुकी हैं, लेकिन एक रुपए का भी हेरफेर नहीं मिला है

आठ माह पहले सीबीआई के बुलाने पर मैं गया था, लेकिन अब ये लोकसभा चुनाव से ठीक दो माह पहले बुला रहे हैं

भाजपा का मकसद पूछताछ करना नहीं है, बल्कि गिरफ्तार कराकर मुझे लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना है

अगर हमने भ्रष्टाचार किया होता तो हम भी भाजपा में होते, इनका सामना इसलिए कर पा रहे हैं, क्योंकि एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं किया

आज भाजपा भ्रष्टाचारियों को नहीं पकड़ रही है, बल्कि ईडी-सीबीआई से डराकर उनको अपनी पार्टी में शामिल करवा रही है

मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर इसीलिए जेल में हैं, क्योंकि इन्होंने भाजपा में शामिल होने से इन्कार कर दिया

Eros Times : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी के समन के पीछे के छिपी भाजपा की साजिश पर बुधवार को बड़ा खुलासा किया। सीएम ने कहा कि मेरी सबसे बड़ी संपत्ति और ताकत मेरी ईमानदारी है। मैं हमेशा देश के लिए लड़ा हूं। मेरी एक-एक सांस, खून का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है। ये लोग झूठे आरोप लगाकर और फर्जी समन भेजकर मुझे बदनाम और मेरी ईमानदारी पर चोट करना चाहते हैं। इस फर्जी केस में इन्होंने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को जेल में रखा हुआ है और अब मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने समन को लेकर विस्तार से ईडी से जवाब मांगा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसका मतलब ये है कि वो भी मानते हैं कि उनका समन ग़ैर क़ानूनी है। सच्चाई ये है कि भाजपा का मकसद पूछताछ करना है ही नहीं, बल्कि वो गिरफ्तार कराकर मुझे लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना चाहती है। मैं जी-जान से इनके खिलाफ लड़ रहा हूं, इस लड़ाई में देशवासियों का साथ चाहिए।

ईडी द्वारा बार-बार भेजे जा रहे समन को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को डिजिटल प्रेसवार्ता कर देशवासियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से तथाकथित शराब घोटाला का शब्द आप सबने कई बार सुना होगा। दो साल से भाजपा की सारी एजेंसियां कई बार रेड मार चुकी हैं और कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक कहीं से एक भी पैसे का हेर-फेर नहीं मिला। अगर वास्तव में भ्रष्टाचार हुआ है तो करोड़ों रुपए कहां गए? क्या सारा पैसा हवा में गायब हो गया। सच्चाई यह है कि किसी भी तरह का कोई भ्रष्टाचार हुआ ही नहीं है। अगर भ्रष्टाचार हुआ होता तो पैसा भी मिलता। ऐसे फर्जी केस में इन्होंने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को अभी तक जेल में रखा हुआ है। किसी के भी खिलाफ कोई सबूत नहीं हैं और कुछ भी साबित नहीं हो रहा है। लेकिन इनकी खुले आम गुंडागर्दी चल रही है, किसी को भी पकड़ कर जेल में डाल देते हैं।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब भाजपा मुझे गिरफ्तार कराना चाहती है। मेरी सबसे बड़ी संपत्ति और ताकत मेरी ईमानदारी है। झूठे आरोप लगाकर और फर्जी समन भेजकर ये मुझे बदनाम करना चाहते हैं और मेरी ईमानदारी पर चोट करना चाहते हैं। इन्होंने मुझे समन भेजे हैं। मेरे वकीलों ने मुझे बताया कि ये समन गैरकानूनी हैं। यह समन क्यों गैरकानूनी हैं, इस बारे में मैंने इन्हें विस्तार से लिखकर भेजा है। उसमें मैंने बताया है कि ईडी के समन कैसे गैरकानूनी हैं। लेकिन उन्होंने मेरी एक भी बात का जवाब नहीं दिया है। इसका मतलब ये है कि उनके पास मेरी बातों का कोई जवाब नहीं है। इसका मतलब ये है कि वो भी मानते हैं कि उनकी नोटिस गैरकानूनी है। क्या मूझे एक गैरकानूनी समन का पालन करना चाहिए? अगर कानूनी रूप से सही समन आएगा, तो मैं पूरा सहयोग करूंगा।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का मकसद जांच करना है ही नहीं, भाजपा का मकसद तो मुझे लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना है। इन्होंने ठीक लोकसभा चुनाव के पहले मुझे क्यों समन भेजा है? जबकि इस जांच को चलते हुए दो साल हो चुके हैं। अब ठीक लोकसभा चुनाव से पहले मुझे क्यों बुलाया जा रहा है, पहले क्यों नहीं बुलाया गया। सीबीआई ने मुझे आठ महीने पहले बुलाया था। मैं सीबीआई में गया था और उनके सारे जवाब भी दिए थे। लेकिन अब ये लोग ठीक लोकसभा चुनाव के दो महीने पहले मुझे बुला रहे हैं। इसलिए भाजपा का मकसद कोई पूछताछ करना नहीं है, बल्कि इनका मकसद है कि पूछताछ के बहाने अरविंद केजरीवाल को बुला लो और उन्हें गिरफ्तार कर लो, ताकि मैं लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर पाऊं।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि आज भाजपा भ्रष्टाचारियों को नहीं पकड़ रही है, बल्कि खुलेआम ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर दूसरी पार्टियों के नेताओं को तोड़कर भाजपा में शामिल करवाने का काम किया जा रहा है। एक या दो नहीं, बल्कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां किसी पार्टी के नेता के खिलाफ ईडी या सीबीआई के मामले चल रहे थे या उनपर गंभीर आरोप लगे हुए थे, जैसे ही वो नेता भाजपा में शामिल हुए, उनके सारे मामले बंद कर दिए गए या ठंडे बस्ते में डाल दिए गए। जो इनकी पार्टी ज्वाइन कर लेता है, उनके सारे मामले रफा-दफा कर दिए जाते हैं। वहीं, जो इनकी पार्टी में नहीं जाता है, वो जेल जाता है। आज मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर इसलिए जेल में नहीं हैं कि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है, बल्कि वो इसलिए जेल में हैं, क्योंकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने से इन्कार कर दिया है। 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि आज हम भाजपा का मुकाबला इसलिए कर पा रहे हैं, क्योंकि हमने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है। अगर हमने जरा सा भी गलत काम किया होता तो दूसरे भ्रष्टाचारी नेताओं की तरह आज तक हम भी भाजपा में शामिल हो गए होते। इस तरह देश के ईमानदार नेताओं को जेल में डालकर और भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल करवा कर तो देश आगे नहीं बढ़ सकता। यह क्या चल रहा है? यह जो कुछ भी चल रहा है, बहुत खतरनाक है। यह हमारे जनतंत्र के लिए बहुत गलत है, इसे रोकना होगा। 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने अंत में कहा कि मैं हमेशा देश के लिए लड़ा हूं। मेरा तन-मन-धन देश के लिए है। मेरी एक-एक सांस देश के लिए है। मेरी खून की एक-एक बूंद देश के लिए है। मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है। हमें मिलकर देश को बचाना है। मैं पूरे जी-जान से इनके खिलाफ लड़ रहा हूं और इसमें जनता का साथ चाहिए।

  • admin

    Related Posts

    देश प्रथम पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और भारतीय जनसंघ की वैचारिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया

    नई दिल्ली। देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्रवादी विचारधारा को केंद्र में रखकर नवगठित देश प्रथम पार्टी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपनी राजनीतिक विचारधारा को जन-जन…

    किडज़ानिया दिल्ली एनसीआर में हुआ RAYY का आधिकारिक लॉन्च

    नोएडा। RAYY, एक भारतीय ऐक्सपीरियेंस डिस्कवरी एवं बुकिंग प्लैटफॉर्म है जो “मेक रूम फॉर मोर लाईफ” के फलसफे पर आधारित है। इस प्लैटफॉर्म ने आज किडज़ानिया दिल्ली एनसीआर में अपने…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    देश प्रथम पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और भारतीय जनसंघ की वैचारिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया

    • By admin
    • October 24, 2026
    • 26 views
    देश प्रथम पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और भारतीय जनसंघ की वैचारिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया

    किडज़ानिया दिल्ली एनसीआर में हुआ RAYY का आधिकारिक लॉन्च

    • By admin
    • October 23, 2026
    • 22 views
    किडज़ानिया दिल्ली एनसीआर में हुआ RAYY का आधिकारिक लॉन्च

    ‘मेरे घर राम आएंगे’ की कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन, ‘अभिव्यक्ति 2026’ में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

    • By admin
    • October 19, 2026
    • 136 views
    ‘मेरे घर राम आएंगे’ की कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन, ‘अभिव्यक्ति 2026’ में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

    जनकपुरी में लग्जरी थिएटर के नए युग की शुरुआत लेकर आया वेव सिनेमाज

    • By admin
    • October 18, 2026
    • 61 views
    जनकपुरी में लग्जरी थिएटर के नए युग की शुरुआत लेकर आया वेव सिनेमाज

    मेरठ की कलाकार मुक्ता सिंघल की चार पेंटिंग्स ‘शेयर्ड कैनवास’ प्रदर्शनी में बनीं आकर्षण का केंद्र

    • By admin
    • October 18, 2026
    • 251 views
    मेरठ की कलाकार मुक्ता सिंघल की चार पेंटिंग्स ‘शेयर्ड कैनवास’ प्रदर्शनी में बनीं आकर्षण का केंद्र

    इंडियन कैंसर सोसाइटी की ‘गुलाबी एक्सप्रेस’ ने स्तन कैंसर मरीजों और सर्वाइवर्स को दिया एकजुटता का मंच, संगीत और संवाद से बढ़ाया हौसला

    • By admin
    • October 17, 2026
    • 105 views
    इंडियन कैंसर सोसाइटी की ‘गुलाबी एक्सप्रेस’ ने स्तन कैंसर मरीजों और सर्वाइवर्स को दिया एकजुटता का मंच, संगीत और संवाद से बढ़ाया हौसला