Eros Times: नोएडा जनपद में 12 से 16अक्टूबर तक पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन होगा। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में लगने वाले इस हस्तशिल्प मेले में विभिन्न राज्यों के करीब चार हजार हैंडीक्राफ्ट के एक्सपोर्टर्स प्रदर्शनी लगाएंगे। इसमें विदेशों से पांच से सात हजार खरीदारों के आने का अनुमान है। इससे हैंडीक्राफ्ट के कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है।
हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष सीपी शर्मा ने बताया कि इस बार फेयर में केवल वहीं एक्सपोर्टर हिस्सा ले रहे हैं, जो हैंडी क्राफ्ट का उत्पादन करते हैं। इस बार देश के विभिन्न राज्यों के तीन हजार से अधिक एक्सपोर्टर्स उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। इन एक्सपोर्टर्स ने फेयर में हिस्सा लेने के लिए सहमति दे दी है। इसके अलावा एक्सपो मार्ट में स्थाई रूप से चल रहे 900 हैंडीक्राफ्ट के एक्सपोर्टर कारोबारी भी हिस्सा लेंगे। फेयर में करीब 4000 स्टॉल पर हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें 60 प्रतिशत स्टॉल उत्तर प्रदेश के हैंडी क्राफ्ट के कारोबारियों के होंगे। शेष 40 प्रतिशत स्टॉल देश के विभिन्न प्रदेशों के उत्पादों के होंगे। इसमें सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र राज्यस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और नार्थ ईष्ट के प्रदेशों के उत्पाद होंगे।
हैंडी क्राफ्ट के एक्सपोर्टर्स डी.डी. तिवारी ने बताया कि पांच दिवसीय फेयर में हिस्सा लेने के लिए एक्सपोर्टर्स के साथ ही बॉयर्स में भी उत्सुकता बनी हुई है। इस बार फेयर में अच्छा कारोबार होगा। हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव व एक्सपोर्टर भरत बढेरा ने बताया कि फेयर में सबसे ज्यादा यूरोप के देशों के खरीदार हिस्सा लेंगे। इसमें फ्रांस, इटली, जर्मनी, ग्रीस, कनाड़ा, चेक रिपब्लिक, बेल्जियम, यूके समेत अमेरिका, ब्राजील, जापान, इजराइल, टर्की, साउदी अरब व आस्टेलिया आदि देशों के खरीदार फेयर में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि पांच हजार से अधिक खरीदारों के आने का अनुमान है।
हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव आंचल बोहरा ने बताया कि विदेशी खरीदार विकल्प के रूप में दूसरे देशों की तरफ रुख कर रहे हैं। इसमें सबसे अच्छा विकल्प भारत बनकर उभर रहा है। इसी वजह से विदेशी खरीदार भी भारत की तरफ अधिक रुख कर रहे हैं।






