EROS TIMES:नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज आईएमएस नोएडा में होली के अवसर पर ब्रज उत्सव का आयोजन हुआ। सोमवार को सेक्टर 62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने लोक-नृत्य, लोक-संगीत एवं कृष्ण रास के माध्यम से ब्रज की होली की मोहक प्रस्तुति दी। वहीं कार्यक्रम के दौरान लोकनृत्य एवं लोकगीत के माध्यम से भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित किया गया।

आईएमएस की निदेशिका डॉ. कुलनीत सूरी ने संस्थान के सभी शिक्षकों एवं छात्रों को उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर आईएमएस परंपरागत तरीके से होली महोत्सव मना रहा है। संस्थान में रंगों के त्योहार की शुरुआत लोकगीत एवं लोक नृत्य से की गयी। कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों एवं छात्रों ने गीले रंग एवं गुलाल के बजाय फूलों की होली खेली। उन्होंने देश के सभी नागरिकों से सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की।
संस्थान द्वारा आयोजित आज के कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण वंदना के साथ की गई। वहीं कार्यक्रम में छात्रों ने होली लोकगीतों पर नृत्य पेश कर चार चांद लगाए। बीजेएमसी के छात्र अविनाश मिश्रा ने बताया कि आईएमएस ने अनूठी पहल करते हुए रंग, प्रेम एवं भाईचारे का त्योहार होली परंपरागत तरीके से मनाया गया। वहीं बीए.एलएलबी की छात्रा रीना ने होली को अनेकता में एकता का त्योहार बताते हुए कहा कि त्योहार तो सभी प्यारे होते हैं, लेकिन रंगो के उत्सव का नजारा कुछ अलग होता है। आज हमने सर्वप्रथम अपने दोस्तों के साथ होली खेली फिर अपने गुरुजनों का आशीष लिया






