नोएडा। सामाजिक सेवा और पंजाबी समाज के उत्थान के लिए लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ समाजसेवी वीरेंद्र मेहता ने नोएडा पंजाबी एकता समिति के अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही संगठन में नए नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त हुआ है। समिति के पदाधिकारियों ने उनका त्यागपत्र स्वीकार करते हुए संस्था के प्रति उनके योगदान और कार्यकाल की सराहना की।
वीरेंद्र मेहता ने बताया कि उन्हें फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी के तहत उनका लक्ष्य देशभर में कार्यरत पंजाबी संगठनों को एक साझा मंच पर लाना और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देना है।
उन्होंने कहा कि यह नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। अब उनका पूरा ध्यान देशभर की पंजाबी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, समाज की एकता को मजबूत करने तथा युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर रहेगा।
वीरेंद्र मेहता ने कहा, “फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाना मेरे लिए गर्व का विषय है। मेरा प्रयास रहेगा कि देशभर की पंजाबी संस्थाओं को एक मंच पर लाकर समाज की एकता, संस्कृति, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सेवा कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया जाए। समाज की सेवा ही मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि नोएडा पंजाबी एकता समिति से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और वह भविष्य में भी संस्था को हरसंभव सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास की बदौलत ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सेवा करने का अवसर मिला है।
समिति के पदाधिकारियों ने वीरेंद्र मेहता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में संगठन ने कई सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। उन्होंने समाज को एकजुट करने और सेवा कार्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए संस्था सदैव उनकी आभारी रहेगी।
पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी वीरेंद्र मेहता समाज के हित में प्रभावी कार्य करेंगे और देशभर के पंजाबी समाज को एक नई दिशा देने में सफल होंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।






