मंत्री इमरान हुसैन ने यमुना ब्रिज और स्वर्ण जयंती पार्क में बाढ़ राहत शिविरों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा
बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रतिदिन दिन कम से कम तीन बार पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है
केजरीवाल सरकार राहत शिविर में रह रहे लोगों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करा रही है
जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए शिविर स्थलों पर फोगिंग और कीटनाशकों के छिड़काव के निर्देश
Eros Times: अरविंद केजरीवाल के निर्देशों के अनुपालन में दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में गोल्डन जुबली पार्क और पुराने यमुना ब्रिज एरिया में बाढ़ राहत शिविरों में प्रभावित लोगों को दी जाने वाली बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। खाद्य-आपूर्ति मंत्री ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में चल रहे बाढ़ राहत शिविरों में बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों का निरीक्षण किया। जिसमें राहत शिविरों में आवश्यक सेवाएं, भोजन, पानी, बिजली, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना शामिल हैं।
मंत्री इमरान हुसैन ने जब पुराना यमुना ब्रिज और गोल्डन जुबली पार्क में बाढ़ राहत शिविरों का दौरा कर रहे थे, उस दौरान बारिश हो रही थी। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों के साथ बात भी की। बाढ़ प्रभावित लोगों ने बताया कि उनके घर अभी भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं। इस पर उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए राहत उपायों को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियो को स्थिति सामान्य होने तक राहत शिविरों में रहने, खाने-पीने, शौचालय, मेडिकल सहित सभी जरूरी सुविधाएं जारी रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि केजरीवाल सरकार राहत शिविर में सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान कर रही है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए जनरेटर के जरिए बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और बाढ़ राहत शिविरों में पर्याप्त संख्या में पंखे भी लगाए गए हैं। राहत शिविर में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि शाम के समय बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए शिविर में भोजन एवं रहने की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
गोल्डन जुबली पार्क स्थित बाढ़ राहत कैंप में मंत्री इमरान हुसैन ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की और लोगों की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित अधिकारीयों को कम से कम तीन बार बाढ़ प्रभावित लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राहत शिविर में बांटें जाने वाले भोजन सामग्री में कुछ अंतराल पर बदलाव किया जाना चाहिए। मंत्री ने बाढ़ प्रभावित बच्चों को आस-पास के स्कूलों में कक्षाओं में भाग लेने के लिए कहा, जहां केजरीवाल सरकार ने बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं और स्टेशनरी सामग्री भी उपलब्ध करा रही है।
मंत्री इमरान हुसैन ने जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए बाढ़ राहत शिविर स्थलों पर फोगिंग और कीटनाशकों के छिड़काव पर जोर दिया। सरकार के इस कदम का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाना है। मंत्री ने कहा कि राहत शिविर के अंदर साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने से त्वचा और अन्य संक्रामक रोगों को रोकने में मदद मिली है।






