नोएडा:EROS TIMES: अगस्त 2018 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट की जद में आ रहे ग्रामीणों के साथ किये जाने वाले भूमि अधिग्रहण और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा कि ’’उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार सन् 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून की मूल भावना है, स्थानीय प्रतिनिधि होने के नाते मेरा फर्ज बनता है कि मैं किसानों की आवाज को आप तक पहुॅचाकर, उन्हें न्याय दिलवा सकूं।’’
मुख्यमंत्री जी ने किसानों का तर्क जानकर कहा कि ’’यह सरकार किसानों के साथ है तथा उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जायेगा।
किसानों के साथ वार्ता कर, उनकी समस्याओं का समाधान सम्बन्धित अधिकारियों को हर हाल में करना पडेगा, किसानों को उचित प्रतिकर मिले और प्रदेश का औद्योगिक विकास भी हो, उस भावना के साथ सरकार कार्य कर रही है।
मैं किसानों को आश्वस्त करना चाहूॅता कि उन्हें न्याय मिलेगा और उचित प्रतिकर भी दिया जायेगा, किसान विरोधियों के बहकावे में न आये, क्योंकि जो लोग आज विरोध कर रहे हैं, वह लोग जेवर में एयरपोर्ट की स्थापना के खिलाफ थे।’’ मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जेवर में बनने वाला देश का सबसे बडा एयरपोर्ट इस क्षेत्र की तकदीर बदलकर रख देगा।
लाखों रोजगारों का सृजन, ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सेवायें और उन्नत जीवन शैली एयरपोर्ट की स्थापना के बाद नजर आयेगी।
ग्राम प्रधान संगठन जेवर के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह छौंकर ने अवगत कराया कि शहरी क्षेत्र घोषित कर, पंचायत व्यवस्था को समाप्त किया गया है और उनके अधिकार भी छीने गये हैं।
अतः कार्यकाल पूरा होने तक उन्हें यथावत कार्य करने दिया जाए।मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित किसानों व अधिकारियों के समक्ष कहा कि ’’लोकतंत्र में निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकारों का ध्यान रखते हुए, उनके द्वारा उठायी गयी समस्या का समाधान किया जाए।’’
जेवर एयरपोर्ट की जद में आने वाले गांवों के किसान गनपत सिंह सबूेदार, यशपाल सिंह, राकेश सिंह, देवेन्द्र सिंह व संजीव गौड और लोगो ने किसानों की तरफ से उचित प्रतिकर दिलवाये जाने हेतु मुख्यमंत्री को सम्बोधित किया।
भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा व जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किसानों को सम्बोधित करते हुए, उनकी मांगों पर विचार कर, शीघ्र निस्तारण कराये जाने को लेकर आश्वस्त किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के नये सत्र के शुभारम्भ के अवसर पर छात्र व छात्राओं को उदबोधन किया तथा मुख्यमंत्री ने छात्र व छात्राओं से आहवान किया कि ’’जिस तरह से महात्मा बुद्ध ने विश्व शांति के लिए पूरे देश में नमूना प्रस्तुत किया है, उसी प्रकार गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र व छात्राओं के साथ-साथ पूरे देश के युवाओं से मैं आहावान करता हॅू कि वो भी महात्मा बुद्ध के बताये गये रास्तों का अनुसरण करें।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने जेवर में कन्या महाविद्यालय की स्थापना कराये जाने की घोषणा की।
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने आंगुतक किसानों का आभार प्रकट करते हुए, कार्यक्रम का समापन किया।
इस मौके पर भारत सरकार के केन्द्रीय राज्यमंत्री सतपाल सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्षा विमला बाथम के अलावा दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, जिलाध्यक्ष विजय भाटी, महानगर अध्यक्ष राकेश शर्मा, उपाध्यक्ष सुशील शर्मा के अलावा जेवर एयरपोर्ट की जद में आने वाले दयानतपुर, रन्हेरा, रोही, बनवारीपुर, सिवारा, किशोरपुर, रामनेर व पारोही ग्रामों के तकरीबन 150 किसान उपस्थित रहे।






