ग्रेटर नोएडा:EROS TIMES: ( सफी मोहम्मद सैफी)। आम ज़िन्दगी में इंसानी फितरत ने लोगों को धर्म और जाति के नाम पर बांटा हुआ है । ये बात तो आपने खूब देखी व सुनी होगी पर सभी को जीवन देने वाले बेजान पेड़ पौधों को ग्रेटर नोएडा के दो सरकारी विभागों ने बांट कर उन्हें ख़त्म कर देने की जो साजिश रची है। उसी का नमूना है बीटा 1 वन विभाग का यह पार्क ।
जैसा ज्ञात हुआ है कि पार्क वन विभाग ने गोद लिया हुआ है और इसके रख-रखाव में होने वाले खर्चे की जिम्मेदारी ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का हॉर्टिकल्चर विभाग उठाता है ।
शायद ही दोनों विभागों के अकर्मण्य अधिकारी अपने ऑफिस के वातानुकूलित कमरों से कभी बाहर आये हों – इस पार्क की सुधि लेने । पार्क में ऐसे गड्ढे हैं लगता है कि जंगली भेड़ियों ने अपनी मांद बनाई हो । कबाड़ियों, शराबियों और अवांछित तत्वों का अड्डा लगता है ये पार्क ।
आप देख कर स्वयं महसूस करेंगे कि इस में वर्षों से साफ-सफाई तो दूर पानी भी नहीं दिया गया है । अधिकारियों की कुम्भकर्णी नींद कभी खुली ही नहीं जो इस पार्क को देख लेते।






