इस वर्ष का निराला स्मृति सम्मान सुप्रसिद्ध कवि अरुण कमल को महाप्राण निराला की पुण्यतिथि 15 अक्टूबर 2023 को ‘निराला के निमित्त’ संस्था द्वारा निराला-स्मृति आयोजन में प्रदान किया जाएगा।
Eros Times: ज्ञातव्य है कि समकालीन हिन्दी कविता के प्रमुख कवि अरुण कमल को साहित्य अकादमी आदि कई सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। अपनी प्रतिबद्धता और जन-पक्षधरता के साथ अरुण कमल की कविताओं को समकालीन हिन्दी कविता में अलग से पहचाना जा सकता है। उक्त जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष एवं महाकवि निराला के प्रपौत्र विवेक निराला ने बताया कि पहले ‘निराला साहित्य संस्थान, इलाहाबाद’ द्वारा यह सम्मान प्रदान किया जाता था तथा कवि राजेश जोशी और कथाकार चित्रा मुद्गल को इस सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। कालान्तर में यह सम्मान अनेक कारणों से बाधित रहा। अब इस सम्मान को पुनः शुरू किया जा रहा है तथा संस्था का नाम ‘निराला के निमित्त’ को पंजीकृत कराया जा चुका है। इसी क्रम में अब यह सम्मान इस वर्ष श्री अरुण कमल को प्रदान किया जायेगा।






