गाजियाबाद। नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत (डिजिटल) के उत्तर प्रदेश समन्वयक और वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने नागरिकों, युवा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे एसआईआर फॉर्म (Special Intensive Revision Form) भरने और जमा करने में लोगों की मदद करें, ताकि आगामी संशोधन प्रक्रिया में किसी का भी नाम मतदाता सूची से न कटे।
जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि समय तेजी से निकल रहा है और देरी की स्थिति में नाम कटने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे आगे चुनाव के समय भारी परेशानी आ सकती है।
उन्होंने खासकर नवयुवकों से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची दुरस्तीकरण अभियान में आगे आएं और घर–घर लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को अपने अन्य कार्यों से पहले इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को समझना चाहिए। समय रहते एसआईआर फॉर्म भरना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
प्रदेश समन्वयक ने नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के सभी जिला समन्वयकों और पदाधिकारियों से भी कहा है कि एसआईआर फॉर्म पर बी.एल.ओ. का नाम दर्ज रहता है, इसलिए किसी भी जानकारी के लिए सीधे बी.एल.ओ., जिलाधिकारी या संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह कार्य सभी की सामूहिक सहभागिता से पूरा होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहें और मतदान प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सके।






