राजनीतिक और संगठनात्मक प्रस्ताव पारित करके दिल्ली कांग्रेस ने 2024 में भाजपा और आम आदमी पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।
दिल्ली में बड़े स्तर पर जनसम्पर्क साधकर भाजपा और आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामियों उजागर करेगी व कांग्रेस 2024 में दिल्ली की सभी संसदीय सीटों को जीतेगी।
आगामी चुनावों के मद्देनज़र दिल्ली कांग्रेस ने बैठक में राजनीतिक और संगठनात्मक दो प्रस्ताव पास किए
Eros Times: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की लोकतंत्र और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त लोगों को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए जनता के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर तक दिल्लीवासियों से जनसम्पर्क कर भाजपा और आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामियों उजागर करेगी व 2024 में दिल्ली की सभी संसदीय सीटों को जीतेगी। उन्होंने कहा कि आर.एस.एस. के एजेंडे पर काम करने वाली भाजपा और उनके पर्दे के पीछे के सहयोगी आम आदमी पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू है। उन्होंने कहा कि देश में साम्प्रदायिकता, आर्थिक असमानता, तानाशाही और जन विरोधी निर्णयों के खिलाफ हमारे नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाल कर जिस लड़ाई की शुरुआत की है, हमें उसी धारा में कंधे से कंधा मिलाकर देशवासियों को न्याय दिलाने के लिए काम करना है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया के स्वागत के लिए बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, अग्रिम संगठनों, सेल एवं विभागों के अध्यक्षों सहित वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं, किसानों, जवानों, महिलाओं आदि दिल्ली और देश में ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक के उपरांत प्रदेश कार्यालय में अ0भा0का0कमेटी के नवनियुक्त दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। संवाददाता सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल, पूर्व सांसद रमेश कुमार, पूर्व मंत्री डा0 नरेन्द्र नाथ, श्री रमाकांत गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जय किशन, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक चौ0 मतीन अहमद, प्रवक्ता डा0 नरेश कुमार भी मौजूद थे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में दिल्ली जिस दौर से गुजर रही है उसको दिल्ली वालों ने बहुत नुक़सान भुगता है। शीला जी ने दिल्ली को 15 वर्षों में जिन उॅचाईयों पर पहुचाया था, अरविन्द केजरीवाल ने झूठ की बुनियाद पर दिल्ली को बेहतर बनाने के सपने दिखाकर जो वादे किए थे वे सभी खोखले साबित हुए। आगामी वर्षों में चुनावों में रणनीति बनाते हुए दिल्ली कांग्रेस ने आज की बैठक में राजनीतिक और संगठनात्मक दो प्रस्ताव पास किए।

राजनीतिक प्रस्ताव को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल ने रखा जिसमें संकल्प लेते हुए कहा कि ‘‘हम सब कांग्रेस कार्यकर्ता संगठित होकर पूरी एकजुटता व शक्ति के साथ भ्रष्ट, साम्प्रदायिक मानसिकता से ग्रस्त, तानाशाह, विफल, श्रमिकों और गरीबों का हक मारने वाली, किसान विरोधी केंद्र की भाजपा सरकार जो दिल्ली के नागरिकों को सुरक्षा देने में पूर्णतः नाकाम रही है, को 2024 में उखाड़ फैंकने का संकल्प लेते हैं।’’
‘‘हम सब कांग्रेस कार्यकर्ता संगठित होकर पूरी एकजुटता व शक्ति के साथ भ्रष्ट, महँगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न को रोकने में पूर्णतः विफल, शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यापार करने वाली, शराब माफिया से साठगांठ करके दिल्ली में नई आबकारी नीति द्वारा शराबखोरी को बढावा देने वाली, मौकापरस्त व भाजपा का अनुसरण करते हुए साम्प्रदायिक से गठजोड़ करने वाली दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को 2025 में उखाड़ फेंकने के लिए एक साथ मिलकर जोरदार आंदोलन करेंगे तथा दिल्ली के घर-घर जाकर प्रत्येक नागरिक से जनसम्पर्क के द्वारा कांग्रेस पार्टी की नीतियों को पहुॅचाने का संकल्प लेेते हैं।’’
संगठनात्मक प्रस्ताव रखते हुए संकल्प लिया गया कि ‘‘उदयपुर चिंतन शिविर में हुए सभी निर्णयों के अनुसार संगठन का ब्लॉक से आगे मंडलम और सेक्टर तक विस्तार किया जाएगा व प्रदेश में भविष्य में होने वाली नियुक्तियां योग्यता के आधार पर की जाएंगी।’’
‘‘विभिन्न प्रतिभाओं वाले व्यक्तियों जैसे प्रखर वक्ता, बुद्धिजीवी, प्रोफेसनल्स इत्यादि का पार्टी का साथ देने के लिए तथा आगे आने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। जिससे समाज के विभिन्न वर्गों तक कांग्रेस की नीतियां व विचार पहुॅचे।’’
जो लोग किन्हीं कारणों से पूर्व में पार्टी छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों में शामिल हो गए हैं, हम उनसे अपील करते हैं कि वे भ्रष्ट एवं नकारा सरकारों के खिलाफ दिल्ली और देश हित में घर वापसी करें।
पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि होगा। हम सब पार्टी के अनुशासन को गंभीरता से पालन करेंगे। हम ऐसी कोई भी बात किसी भी सार्वजनिक मंच (अपने वक्त्वयों में, मीडिया, सोशल मीडिया, समाचार पत्र) पर नहीं करेंगे। जिससे पार्टी की छवि को ठेस पहुॅचे। किसी भी तरह के वैचारिक मतभेदों के लिए पार्टी की अंदरुनी बैठकों में चर्चा की जानी चाहिए।’’ – प्रस्ताव पारित होने के बाद दोनो प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए।
चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि पारित दोनो प्रस्तावों के तहत कांग्रेस पार्टी ने 2024 में भाजपा और आम आदमी पार्टी को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी जी केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण रिकार्ड तोड़ महंगाई और बेरोजगारी के के खिलाफ जो लड़ाई लड़ रहे है, दिल्ली कांग्रेस उसे दिल्ली के घर-घर तक लेकर जाएगा और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाली तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने का कांग्रेस कार्यकर्ता संकल्परत हैं।

दिल्ली में बढ़ी बिजली की दरों के कारण दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चो अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से समय मांगा
चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में बढ़ी बिजली की दरों के कारण परेशान दिल्लीवासियों को राहत दिलाने के लिए हमने अरविन्द केजरीवाल से समय मांगा है। मुख्यमंत्री से मिलकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के गरीब बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को उनके समक्ष रखकर दिल्ली सरकार का स्पष्टीकरण लेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और भाजपा मिलजुल कर जनता के साथ खिलावड़ कर रही है। हम पूरी ताकत के साथ संसदीय चुनाव में जुमलेबाजों के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।






