नोएडा:EROS TIMES: डीएम वार रूम गौतम बुद्ध नगर से जनपद के समस्त विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छंद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा के मानक, दिशा निर्देश एवं प्रक्रिया के संबंध में आगामी 10 मई तक देना होगा शपथ पत्र।
डीएम बीएन सिंह ने कलेक्ट्रेट के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के द्वारा जारी शासनादेश के संबंध में सभी विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के संचालकों को जानकारी कराई गई । जिलाधिकारी बीएन सिंह के द्वारा आज कलेक्ट्रेट के सभागार में जनपद में संचालित विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छंद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा के मानक, दिशा निर्देश एवं प्रक्रिया के संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए और सभी विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं के संचालकों को इस संबंध में आगामी 10 मई तक शपथ पत्र जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
यदि किसी विश्वविद्यालय एवं शिक्षण संस्थान में अनुपालन सुनिश्चित नहीं पाया जाएगा तो जिला प्रशासन की ओर से सख्त कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों/ महाविद्यालयों परिसर विशेषत: छात्रावासों में अवांछनीय तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। छात्रावासों में वाह्य व्यक्तियों के प्रवेश एवं हस्तक्षेप से मुक्त रखने के लिए नियमित अंतराल पर निगाह रखी जाए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिभाशाली एवं देश के उज्जवल भविष्य के कर्णधार छात्रों को अध्ययन में एवं अन्य तत्वों के कारण अनावश्यक असुविधा का सामना ना करना पड़े। देश के बाहर से आने वाले छात्र-छात्राओं को पर्याप्त सुरक्षा, माहौल मुहैया कराया जाए। छात्रावास वार्डन प्रॉक्टोरियल बोर्ड एवं जिला प्रशासन के मध्य समन्वय स्थापित किया जाए। छात्र छात्राओं की सुरक्षा एवं विशेष तौर पर छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कैंपस में सीसीटीवी कैमरे स्थापित होना अनिवार्य है तथा प्रशासन से समन्वय कर सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएं।
नव आगंतुक छात्र छात्राओं के प्रवेश के उपरांत रैंकिंग के माध्यम से उत्पीड़न रोकने के लिए सुसंगत प्रावधानों को अमल में लाया जाए।
सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल सिद्धांतों का अनुसरण करने के लिए आवश्यक बिंदु पाठ्यक्रमों में सम्मिलित किए जाएं।
विषय बोध के साथ-साथ छात्र-छात्राओं में नैतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए विशेष ध्यान दिया जाए।
परिसर में छात्र-छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। समाज के विभिन्न वर्गों के मध्य विषमताओं के होते हुए भी शिक्षण संस्थाओं में ऐसे प्रबंध सुनिश्चित किया जाए जिससे कि छात्रों में सामाजिक समरसता एवं सद्भाव के गुणों का विकास हो।
इन सभी बिंदुओं पर जिलाधिकारी द्वारा सभी विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं से आगामी 10 मई तक शपथ पत्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक पीके उपाध्याय तथा विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के संचालकों एवं प्रधानाचार्य द्वारा प्रतिभाग किया गया।






