Eros Times: नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में चैंपियन बेटी कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बुधवार को सेक्टर 62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेरा सहारा एनजीओ की छात्राओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज करायी। वहीं संस्थान द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम डब्लूएसआर सेल के अंतर्गत बेटियों में शिक्षा एवं लीडरशिप को प्राथमिकता देने के लिए शुरू किया गया।

बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि बेटियों में शिक्षा एवं लीडरशिप को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से आज हमने चैंपियन बेटी मुहिम शुरू की। इस कार्यक्रम के माध्यम से सलाम नमस्ते गांव, स्वयंसेवी समूह, आरडब्लूए, एनजीओ एवं स्कूली छात्राओं के साथ मिलकर काम करेगा। वहीं आज के कार्यक्रम में निठारी गांव स्थित एनजीओ की छात्राओं ने अपने जीवन में चैंपियन बनने की परिकल्पना को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान मेरा सहारा एनजीओ की शिक्षिका प्रीति सिंह ने बताया कि पढ़ी लिखी सशक्त बेटी ही एक अच्छे परिवार एवं समाज का निर्माण कर सकती है। वहीं कार्यक्रम के दौरान 9 वर्षीय शिवानी ने कहा कि उनका सपना है कि वह पढ़ लिख कर देश की रक्षा के लिए पुलिस सेवा ज्वाइन करे। सलाम नमस्ते भविष्य में शिक्षाविद्, समाजसेवी, चिकित्सक एवं महिला उद्यमियों को भी कार्यक्रम के साथ जोड़कर बेटियों को चैंपियन बनाने का प्रयास करेगा।






