नोएडा : उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल और उसकी सहयोगी UP रिहायशी टीम द्वारा नोएडा के सेक्टर-22 में “देसी लोग, देसी दीवाली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य “अंधकार में प्रकाश को विराजमान करना” और “देसी संस्कृति को प्रोत्साहन देना” है।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता ने की।
अपने संबोधन में विकास जैन ने कहा – “हमें हर घर में मिट्टी के दिए जलाकर उन कारीगरों की दीपावली रोशन करनी चाहिए, जो महीनों से मेहनत कर इन्हें बनाते हैं। देसी दीवाली तभी सच्ची होगी जब हम बिना मोलभाव किए उनके दिए ख़रीदेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि “हम देसी लोग हैं और हमें देसी त्योहारों को मिलजुलकर, परंपरागत तरीके से मनाना चाहिए। मिठाइयाँ बाँटें, ग्रीन पटाखे जलाएँ और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाएँ।”
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने कहा कि “हमारे त्योहार हिंदू परंपराओं के अनुरूप मनाए जाएँ और स्थानीय बाज़ारों को बढ़ावा दिया जाए।”
अंकुर बंसल ने शपथ दिलाई कि “हम देसी वस्तुओं का प्रयोग करेंगे और विदेशी चीज़ों का बहिष्कार करेंगे।”
कार्यक्रम में प्रमुख उद्योगपति पीयूष द्विवेदी, यशिका डायमंड के MD विनय गर्ग, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र गंगल, महामंत्री राम रतन शर्मा, अग्रवाल मित्र मंडल के कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर सैकड़ों लोगों के साथ प्रदेश पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की प्रतिनिधियाँ, पत्रकार, छायाकार एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सदस्य भी उपस्थित रहे।






