नोएडा : भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्रद्धेय आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी द्वारा किया जाएगा। श्रीमुख से श्रीमद्भागवत का संगीतमय पाठ नोएडा सहित आसपास के क्षेत्रों के भक्तों को श्रवण कराया जाएगा।
यह कथा 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन सायं 03 बजे से सायं 07 बजे तक आयोजित होगी। कथा आयोजन से पूर्व 16 दिसंबर को एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लगभग 800 माताएं-बहनें प्रातः 10 बजे सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी। यह कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर सेक्टर-19 के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करेगी।
कथा के प्रमुख आकर्षण
कथा के दौरान राम जन्म उत्सव, फूल बंगला, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह तथा होली उत्सव को भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
25 दिसंबर को खाटू श्याम भजन संध्या
इसके अतिरिक्त 25 दिसंबर को सायं 06 बजे से प्रभु इच्छा तक श्री खाटू श्याम जी की भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार मुकेश बांगड़ा, बंटू भैया एवं अंजली द्विवेदी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियां देंगे।
सेवा कार्य का संकल्प
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र गंगल ने बताया कि परिषद सदैव देश व समाज सेवा से जुड़े कार्य करती आई है। इसी क्रम में इस भागवत कथा के माध्यम से श्रीजी गौसदन, सेक्टर-94 नोएडा में लगभग 450 नंदी के लिए बाड़े निर्माण का कार्य किया जाएगा, जिससे गौमाता एवं नंदी सेवा को सशक्त किया जा सके। परिषद पूर्व में भी गौशालाओं व समाजसेवा के कई कार्य कर चुकी है।
व्यवस्थाएं व सुरक्षा
संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी पंकज जिंदल ने बताया कि कथा स्थल पर भक्तों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। बुजुर्गों के लिए कुर्सी व सोफे की व्यवस्था रहेगी, वहीं अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। सभी आवश्यक प्रशासनिक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कथा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, महिला-पुरुष सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। साथ ही सुंदर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी तथा प्रतिदिन प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
संजय बाली ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में डा. महेश शर्मा (सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री), सतीश गौतम (सांसद, अलीगढ़), पंकज सिंह (विधायक, नोएडा) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
मुख्य यजमान श्रीमती सुषीला गोयल, दैनिक यजमान वेद प्रकाश गोयल, मुकेश गुप्ता, देवेंद्र गंगल, कुलदीप गुप्ता, दीपक गौतम, जे.एस. सोलंकी, शाखा संरक्षक प्रताप मेहता, मधुसूदन दादू, कार्यक्रम संयोजक पंकज जिंदल, राकेश कत्याल, स्वागत अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, महिला संयोजिका श्रीमती कंचन गुप्ता, श्रीमती पूजा गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी इस आयोजन को भव्य रूप देने में जुटे हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा को सफल बनाएं और अपना आशीर्वाद प्रदान करें। भारत विकास परिषद का उद्देश्य संपर्क, सहयोग, संस्कार और सेवा की भावना के साथ समाज में सकारात्मक कार्य करना है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित
प्रेस वार्ता में संस्था के सचिव रामरतन शर्मा, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, उपाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, अतुल वर्मा, अनुज मंगल, कंचन गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, अनुज गुप्ता, केशव गंगल, विपिन मल्हन, संजय गोयल, राजीव अग्रवाल, राजीव गोयल, अल्पेष गर्ग सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कथा स्थल
सेक्टर-19, बी-ब्लॉक ग्राउंड, बारात घर के पास, नोएडा






