सरकार और एमसीडी ने बड़ी धूमधाम से मनाई बाबा साहब की जयंती विधानसभा में भी सीएम अरविंद केजरीवाल ने की पुष्पांजलि अर्पित
बाबा साहब ने सपना देखा कि आजाद भारत में गरीबों और दलितों के बच्चों को एक समान और अच्छी शिक्षा मिलेगी
राष्ट्र विरोधी ताकतों से एक बाबा साहब नहीं बर्दाश्त हो रहा है अगर सारे बच्चे बाबा साहब बन गए तो इनको देश छोड़कर जाना पड़ेगा
राष्ट्र विरोधी ताकतें अच्छी शिक्षा के खिलाफ इसलिए इन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल भेजा
इतिहास गवाह है जिसने भी शिक्षा का प्रचार-प्रचार किया तानाशाह ने उसी को उठा कर जेल में डाल दिया
राष्ट्र विरोधी ताकतों ने गरीबों के बच्चों के लिए शुरू की गई जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना को भी बंद करा दी हम दोबारा शुरू करेंगे
EROS TIMES: दिल्ली सरकार के शिक्षकों की तरह ही एमसीडी के सफाईकर्मी टीचर डॉक्टर-नर्स और कर्मचारी एक-दो साल में कमाल करके दिखाएंगे
स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए एमसीडी अवॉर्ड की शुरूआत करेगा जिसमें मॉडल आरडब्ल्यूए और बेस्ट सफाईकर्मी समेत कई अवॉर्ड दिए जाएंगे
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को संविधान निर्माण बाबा साहब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। सीएम ने सबसे पहले दिल्ली विधानसभा में बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया फिर एमसीडी द्वारा आयोजित जयंती समारोह में शामिल हुए। दोपहर बाद वे दिल्ली सरकार द्वारा त्यागराज स्टेडियम में और शाम को अपने निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली में आयोजित जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बाबा साहब ने सपना देखा कि आजाद भारत में गरीबों और दलितों के बच्चों को एक समान और अच्छी शिक्षा मिलेगी। उनका यह सपना दिल्ली में ‘‘आप’’ की सरकार पूरी कर रही है। हम चाहते हैं कि देश का हर बच्चा अंबेडकर बने। लेकिन राष्ट्र विरोधी ताकतें देश की तरक्की नहीं चाहती हैं। इसलिए इन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। इनसे एक बाबा साहब नहीं बर्दाश्त हो रहा है। अगर सारे बच्चे बाबा साहब बन गए तो इनको देश छोड़कर जाना पड़ेगा।

दिल्ली और पंजाब में ‘‘आप’’ सरकार ने सरकारी दफ्तरों में बाबा साहब और सरदार भगत सिंह की तश्वीर लगाने का निर्णय लिया
दिल्ली सरकार द्वारा शुक्रवार को त्यागराज स्टेडियम में बाबा साहब की जयंती बड़ी धूमधाम के साथ मनाई गई। समारोह के मुख्य अतिथि सीएम अरविंद केजरीवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस दौरान बाबा साहब के जीवन संघर्ष पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद पर्यावरण मंत्री गोपाल राय समेत अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत ने बड़े-बड़े महापुरुषों को जन्म दिया। मैं सभी माहपुरुषों की पूरी इज्जत करता हूं। मैं उनमें सबसे बड़ा चमकता सितारा बाबा साहब अंबेडकर को मानता हूं। कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार ने और उसके बाद पंजाब सरकार ने निर्णय लिया था कि हर सरकारी कार्यालय में बाबा साहब अंबेडकर और सरदार भगत सिंह की तश्वीर लगाई जाएगी। हमने तश्वीर लगाई। मेरे घर में भी बाबा साहब की बहुत बड़ी तश्वीर लगी हुई है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि आप गांधी जी को भूल गए। मैं गांधी जी को नहीं भूला हूं। गांधी जी ने बहुत संघर्ष किया और बहुत बलिदान दिया। उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया। वे बहुत बड़े महापुरुष थे। लेकिन बाबा साहब अंबेडकर की ज्यादा इज्जत करता हूं। इसका यह मतलब कतई नहीं है कि महात्मा गांधी जी की इज्जत में हमारी कोई कमी है।

अरविंद केजरीवाल ने बाबा साहब की सबसे ज्यादा इज्जत करने की बताई वजह
सीएम बाबा साहब की ज्यादा इज्जत करने की वजह बताते हुए कहा कि मैंने उनकी जीवनी को कई बार पढ़ा है। कई बातें तो मुझे अक्षरसः याद है। जब भी मुझे मौका मिलता है, तब मैं ये बातें करता हूं। क्योंकि इन बातों को सुनने से आज की पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है कि ऐसा भी एक शख्स था जिसने अपने जीवन में इतना संघर्ष किया। बाबा साहब मध्यप्रदेश के महार जाति के एक बहुत गरीब परिवार में पैदा हुए। वे स्कूल में अपनी टाट लेकर जाते थे और उन्हें क्लास के बाहर बैठा दिया जाता था। अगर आज का माहौल होता तो मां-बाप पढ़ाई छुड़वाकर कुछ काम धंधे में लगा देते। स्कूल का चपरासी उनको उपर से ग्लास से पानी पिलाता था। जिस दिन चपरासी छुट्टी पर होता था उस दिन उनको पानी नहीं मिलता था। एक गरीब परिवार में जन्मे बाबा साहब 1913 में अमेरिका जाकर कोलंबिया यूनिवर्सिटी से पीएचडी की। आज कोई भी गूगल पर कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बारे में पता लगा सकता है, लेकिन तब इंटरनेट नहीं था। मुझे आश्चर्य होता है कि उनको कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बारे में पता कैसे चला, फॉर्म कैसे मिला? 1913 में उनकी उम्र करीब 22 साल की थी। यह चमत्कार से कम नहीं है। फिर 1915 में लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से दूसरी पीएचडी की। पैसे नहीं होने के कारण बीच में डिग्री छोड़कर उनको वापस आना पड़ा। कुछ दिन वे पैसे कमाए और दोबारा लंदन जाकर डिग्री पूरी की। इसके बाद लंदन के ग्रेज-इन से वकालत किए और भारत का संविधान लिखा।

इन नेताओं ने पिछले 75 साल में सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क कर दिया और देश भर में प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा दिया
अरविंद केजरीवाल ने एक सपना देखा था कि जब भारत आजाद होगा तब जितनी तकलीफें मैंने उठाई है मेरे देश के बच्चों को पढ़ाई करने के लिए उतनी तकलीफें नहीं उठानी पड़ेगी। उन्होंने सपना देखा कि गरीबों और दलितों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी। उन्होंने सपना देखा था कि आजाद भारत के सरकारी स्कूलों की हालत अच्छी होगी और सबको समान व अच्छी शिक्षा मिलेगी। लेकिन इन लोगों ने 75 साल में सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क कर दिया और पूरे देश में प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा दिया। अगर आपके पास पैसा है तो अपने बच्चे को प्राइवेट स्कूल में भेजो और गरीब हो तो मजबूरी में सरकारी में भेजो। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं होती थी। इसलिए मजदूर का बच्चा मजदूर और अमीरों के बच्चे अमीर बनते थे। इस तरह देश के अंदर बचपन से ही अमीरी और गरीबी तय होने लग गई थी। गरीबों के बच्चों का कोई भविष्य नहीं था। उपर वाले को दया आई और 75 साल बाद एक शख्स मनीष सिसोदिया को भेजा। मनीष सिसोदिया सुबह 6 बजे ही सरकारी स्कूलों का दौरा करने निकल जाते थे और पांच साल के अंदर दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायापलट कर दिया। आज हम कह सकते हैं कि बाबा साहब का सपना दिल्ली के अंदर पूरा हो रहा है।
बाबा तेरा सपना अधूरा केजरीवाल करेगा पूरा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सेंट कोलंबस स्कूल बहुत बड़ा प्राइवेट स्कूल है। मैं एक सरकारी स्कूल में गया तो पता चला कि वहां कई बच्चे प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवा कर एडमिशन ले रहे हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में इतनी सुविधाएं हो गई हैं कि उतनी प्राइवेट स्कूलों में भी नहीं हैं। उस स्कूल के एक बच्चे ने बताया कि वो सेंट कोलंबस स्कूल से आया है। लेकिन देश के बाकी राज्यों में सरकारी स्कूलों का आज भी बुरा हाल है। इन्होंने 75 साल के बाद भी बाबा साहब का सपना पूरा नहीं किया। मैं कहना चाहता हूं कि बाबा तेरा सपना अधूरा केजरीवाल करेगा पूरा।
राष्ट्र विरोधी ताकतें देश को आगे नहीं बढ़ना देना चाहतीं
उन्होंने कहा कि हमारे देश में कई राष्ट्र विरोधी ताकतें हैं, जो देश को आगे नहीं बढ़ना देना चाहती हैं। ऐसा कौन हो सकता है जो यह नहीं चाहता कि गरीबों और दलितों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। अगर अच्छी शिक्षा मिलेगी तो बच्चे आगे बढ़ेंगे। बच्चे आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा और देश की तरक्की होगी। जो चाहते हैं कि गरीबों और दलितों को अच्छी शिक्षा नहीं मिले उन सारे लोगों ने मिलकर मनीष सिसोदिया को जेल भेज दिया। ये देश के दुश्मन है। जिन लोगों ने मनीष सिसोदिया को जेल भेजा है वो लोग देश के दुश्मन हैं और वो नहीं चाहते हैं कि देश तरक्की करे। इतिहास गवाह है कि जिस व्यक्ति ने देश के अंदर शिक्षा का प्रचार-प्रचार करने की कोशिश की तानाशाह ने उसी को उठा कर जेल में डाल दिया।बाबा साहब इसलिए बने क्योंकि उन्होंने खूब शिक्षा प्राप्त की। हम चाहते हैं कि देश का हर बच्चा अंबेडकर बने। पर मैं सोच रहा था कि इनसे एक बाबा साहब नहीं बर्दाश्त हो रहा है, अगर सारे बच्चे बाबा साहब बनेंगे तो राष्ट्र विरोधी ताकतों को देश छोड़कर जाना पड़ेगा।
हमने बाबा साहब के जीवन पर सरकारी स्कूलों में स्पेशल कोर्स चालू किया है
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना चलाई थी। जो बच्चे मेधावी हैं और 12वीं के बाद इंजीनियरिंग मेडिकल बैंकिंग रेलवे में जाना चाहते हैं या फिर प्रतियोगी परीक्षाएं देना चाहते हैं उनको कोचिंग करनी पड़ती है, क्योंकि प्रतियोगिता का जमाना है। कोचिंग बहुत महंगी है। इसलिए हम लोगों ने कोचिंग का पूरा पैसा देने का निर्णय लिया। इन राष्ट्र विरोधी ताकतों ने यह योजना भी बंद करा दी। लेकिन जब तक केजरीवाल जिंदा है तब तक किसी की औकात नहीं है कि कुछ कर दे। एक महीने में योजना दोबारा चालू करा दूंगा। हम चाहते हैं कि आपके बच्चे बड़े होकर आईएएस आईपीएस रेलवे व बैंकिंग में जाकर खूब तरक्की करें। देश व अपने परिवार की तरक्की करें। हमनें बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन पर सभी सरकारी स्कूलों में एक स्पेशल कोर्स चालू किया है। जिसमें उनके जीवन के बारे में पढ़ाया जाता है।
अभी तक किसी सरकार ने बाबा साहब के सपनों पर काम नहीं किया अब केजरीवाल सरकार दिल्ली में उनका सपना पूरा कर रही

एससी/एसटी कल्याण मंत्री राज कुमार आनंद ने कहा कि बाबा साहब दलितों के मसीहा और महिलाओं की प्रखर आवाज थे। बाबा साहब किसी एक धर्म-जाति के नेता नहीं थे बलिक पूरी दुनिया और मानवता के नेता थे। इसलिए पूरी दुनिया उनको सिंबल ऑफ नॉलेज के नाम से जानती है। उन्होंने कहा कि एक दलित होने का दंश क्या होता है, इसे बाबा साहब की जिंदगी से बहुत अच्छी तरह से समझ सकते हैं। बचपन में बाबा साहब को दूर से पानी पिलाया जाता था क्योंकि वो एक दलित थे। जिस दिन पानी पिलाने वाला नहीं आता था, उस दिन उन्हें प्यासा ही रहना पड़ता था। सिर्फ इसलिए क्योंकि वह एक दलित थे। वर्तमान में हम स्वाभिमान से जिंदगी जी पा रहे हैं तो उसके पीछे केवल बाबा साहब के संघर्ष हैं। बाबा साहब ने शिक्षित बनो का सूत्र दिया था। क्योंकि शिक्षा ही ऐसे जागरूक नागरिक तैयार करती है, जो सत्ता की आंखों में आंखे डालकर सवाल कर सकती है। कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद ने कहा कि आजादी को 75 साल हो गए। कई सरकारें आईं लेकिन बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने की दिशा में किसी ने काम नहीं किया। लेकिन सीएम अरविंद केजरीवाल ने ठानी है कि बाबा साहब के सपनों को दिल्ली की जमीन पर उतारना है और हर एक बच्चे को विश्व स्तरीय शिक्षा देनी है। सबको अच्छी शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ मुफ्त बिजली- पानी देनी है। दिल्ली के हर बुजुर्ग को मुफ्त तीर्थयात्रा करानी है। मुझ गर्व है कि मैं केजरीवाल सरकार का हिस्सा हूं।
समाज कल्याण विभाग से संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सम्मान
इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभांवित लाभार्थियों को सम्मानित किया और लोन पत्र भी दिए। एससी/एसटी एवं अन्य पिछड़ा कल्याण विभाग से संचालित व्यवसायिक कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित सफल लाभार्थियों को सीएम अरविंद केजरीवाल ने सम्मानित किया। इस प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वावलंबी बनने वाली करिश्मा विकास उर्वशी लता रानी कोमल गौरव साजिया खुश्बू और नूतन सिंह रजिया पूजा शालिनी अलका मंजू सरिता अश्वनी भारती झा सरोज अलका को सम्मानित किया गया। वहीं विभाग की तरफ से रोजगार करने के लिए संचालित ऋण योजनाओं के तहत दीपक विमल कुमार कृष्णा योगेंद्र कुमार नीरज राज इल्याश हरिश कुमार साकेत संदीप कुमार नीलम रॉकी नंदा पंकज रवि चंद्र सेन को अरविंद केजरीवाल ने लोन का चेक सौंपा। इसके अलावा जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के तहत भी लाभांवित युवाओं को भी अरविंद केजरीवाल सम्मानित किया। जिसमें जयवीर चौधरी मोहम्मद आयुष दीक्षा अमृत सिंह शुभम भारती गीतांजलि कृतिका शुभम दिव्यांशी जैन रेशम शामिल हैं।
जय भीम के नारे से गूंजा त्यागराज स्टेडियम

इस दौरान लोगों की भीड़ से खचाखच भरा त्यागराज स्टेडियम जयभीम के नारे से गूंज उठा। अरविंद केजरीवाल ने जैसे ही बाबा साहब के बारे में बोलना शुरू किया स्टेडियम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में जयभीम के नारे लगाने शुरू कर दिए। साथ ही जब तक सूरज-चांद रहेगा बाबा तेरा नाम रहेगा के भी खूब नारे लगे।
पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों का बहुत बुरा हाल था लेकिन अब बच्चे डॉक्टर-इंजीनियर बन रहे
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम की ओर से सिविक सेंटर में आयोजित बाबा साहब की जयंती समारोह में भी हिस्सा लिया। इस बार एमसीडी की ओर से बाबा साहब की जयंती बड़ी धूमधाम के साथ मनाई गई। एमसीडी के स्कूलों के बच्चों ने सीएम का स्वागत किया और बाबा साहब पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान एमसीडी की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय, डिप्टी मेयर आले मोहम्मद समेत पार्षद व कर्मचारी मौजूद रहे। यहां सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बाबा साहब ने सबसे ज्यादा महत्व शिक्षा को दिया। अगर हमने अपने सभी बच्चों को शिक्षित कर दिया तभी गरीबी दूर हो सकती है और सबको समानता का अधिकार मिल सकता है। दिल्ली में सरकार संभालने के बाद मैंने भी किया है कि किसी भी परिवार को पूरी तरह से बदलने में शिक्षा बहुत अहम भूमिका निभाती है। पहले दिल्ली सरकार के स्कूलों का बहुत बुरा हाल था। राजनीति में आने से पहले मैं एनजीओ चलाया करता था और मनीष सिसोदिया के साथ सुंदरनगरी की झुग्गियों में काम करता था। वहां हम देखते थे कि एक गरीब आदमी अपने बच्चे को एक-दो साल स्कूल भेजता था और उसको जब लगता था कि पढ़ाई नहीं हो रही है तो बच्चे को काम में लगा देता था। लेकिन अब दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधरा है। दिल्ली सरकार के स्कूलों के बच्चे इंजीनियर डॉक्टर बन रहे हैं।
मैं किसी से कभी नहीं कहता कि आपकी गऱीबी दूर कर दूंगा आपके बच्चों को इतनी अच्छी शिक्षा दूंगा कि वो आपकी गरीबी दूर करेंगे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हम सरकारी स्कूलों में बच्चों को बिजनेस करना सिखा रहे हैं। अगर बच्चों को बिजनेस करना सिखा दें तो देश से गरीबी दूर हो जाएगी। मैं कभी यह नहीं कहता हूं कि मैं तुम्हारी गरीबी दूर कर दूंगा। मैं सबको यही कहता हूं कि मैं तुम्हारे बच्चों को पढ़ा दूंगा तुम्हारे बच्चे तुम्हारी गरीबी दूर कर देंगे। मैं किसी को लाख- दस लाख रुपए दे दूंगा लेकिन ये रुपए कितने दिन चलेंगे। पैसे खत्म होने के बाद फिर गरीब हो जाएंगे। लेकिन अगर मैंने आपके बच्चे को पढ़ा दिया तो पूरी जिंदगी आपका परिवार गरीबी से बाहर आ जाएगा। इसलिए शिक्षा सबसे जरूरी है। बाबा साहब ने तभी देश की गरीबी दूर करने और सबको समानता देने की चाबी ढूंढ ली थी। हम उन्हीं के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। पहले दिल्ली सरकार के स्कूल ठीक किए। अब दिल्ली के लोगों ने हमें एमसीडी की भी जिम्मेदारी दी है। अब हम नगर निगम के भी सारे स्कूल ठीक करेंगे।
हम सभी को मिलकर दिल्ली को साफ करके चमकाना है
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार से ज्यादा दिल्ली नगर निगम एक आम आदमी की जिंदगी के हर छोटे से छोटे पहलू को छूता है। दिल्ली के लोगों ने हमें नगर निगम की जिम्मेदारी दी है तो हमें बहुत सारे काम करने हैं। जिसमें सबसे बड़ा काम दिल्ली की सफाई का है। हमें दिल्ली को साफ कर चमकाना है। एमसीडी में नकारात्मकता को खत्म कर सकारात्मकता का महौल बनाना है। एमसीडी के यही कर्मचारी अगले एक-दो साल में जादू करके दिखाएंगे। जब हम लोग एनजीओ में काम करते थे तब दिल्ली के सरकारी स्कूलों के टीचर्स को लोग गालियां देते थे। लोग कहते थे कि टीचर्स अच्छे से पढ़ाते नहीं हैं। सरकार में आने के बाद हमने किसी भी टीचर्स को नहीं बदला। इन्हीं 60 हजार टीचर्स ने दिल्ली में शिक्षा क्रांति करके दिखा दी। टीचर्स ने गजब का कमाल किया और बच्चों के रिजल्ट भी अच्छे आने लग गए। जब मैं सरकारी स्कूलों के बच्चों से बात करता हूं तो वे स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर से ज्यादा अपने टीचर्स की तारीफ करते हैं। जिन टीचर्स को पहले समाज हीन भावना से देखता था आज उन्होंने ही कमाल करके दिखा दिया। इसी तरह एमसीडी के यही सफाई कर्मचारी टीचर डॉक्टर-नर्स और कर्मचारी एक-दो साल में कमाल करके दिखा देंगे। सिर्फ इनको सकारात्मक महौल चाहिए। इसलिए नकारात्मक महौल को खत्म करना है।
अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी के कर्मचारियों और दिल्लीवासियों से मिलकर काम करने का किया आह्वान
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंततः हम सभी इंसान हैं। हम सभी के अंदर दिल धड़कता है। हर इंसान पैसा नहीं चाहता है। बहुत कम लोग हैं जिनकी विकृत मानसिकता है और वो पैसा चाहते हैं। एक आम आदमी अपनी जिंदगी में सूकून चाहता है। आत्मशांति अच्छे काम से मिलती है। अगर आपको अच्छा काम करने को मिल जाए तो इससे बड़ा भगवान आपको कुछ नहीं दे सकता है। हमें ऐसा महौल तैयार करना है जिसमें सभी को कार्य संतोष मिलने लगे। मैं एमसीडी के कर्मचारियों और दिल्ली के दो करोड़ लोगों का आह्वान करता हूं कि आइए हम सब मिलकर काम करें। सभी को साथ लेने के लिए हम स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी शुरू करेंगे। मेरे पास प्रस्ताव आया है कि हमें साल में एक मॉडल आरडब्लूए अवॉर्ड शुरू करना चाहिए। सारी आरडब्ल्यूए के बीच में प्रतियोगिता कराई जाएगी और एक मॉडल आरडब्लूए को अवॉर्ड दिया जाएगा। इसी तरह एक बेस्ट पार्क अवॉर्ड दिया जाएगा। सबसे अच्छा मेंटेन पार्क को अवॉर्ड दिया जाएगा। हर वार्ड में एक बेस्ट सफाई कर्मचारी एक बेस्ट सैनिटरी इंस्पेक्टर और एक बेस्ट एएसआई का अवॉर्ड दिया जाएगा। इस तरह के कई सारे अवार्ड की शुरूआत करने की योजना है।
हम बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलकर दिल्ली में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की कोशिश कर रहे हैं
वहीं बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की जयंती पर दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल के साथ विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री और विधायकों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं समझता हूं कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर भारत के इतिहास में बहुत बड़ा चमकता सितारा हैं। उन्होंने बहुत संघर्ष करके उच्च शिक्षा प्राप्त की और भारत का संविधान लिखा। बाबा साहब ने अच्छी शिक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया। उन्होंने संदेश दिया कि सब लोग अच्छी शिक्षा लें। हम बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलकर दिल्ली में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा मानना है कि गरीब हो या अमीर हर तबके के बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। इसके बाद शाम को अरविंद केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली विधानसभा के निवासियों ने बड़े हर्षाेल्लास के साथ बाबा साहब की जयंती मनाई। इस समारोह में भी अरविंद केजरीवाल शामिल हुए और बाबा साहब के जीवन संघर्षों व देश को दिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
एमसीडी के स्कूलों-अस्पतालों को विश्वस्तरीय बनाएंगे और सीएम केजरीवाल के हर वादे को पूरा करेंगे
वहीं मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि बाबा साहब ने लड़कियों को शिक्षा का अधिकार दिलवाया। उनका मानना था कि अगर हर व्यक्ति को अच्छी शिक्षा मिलेगी तभी गरीबी दूर होगी। उन्हीं से प्रेरणा लेकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ‘‘आप’’ की सरकार सबसे ज्यादा शिक्षा पर जोर दे रही हैं। आम आदमी पार्टी ने एमसीडी चुनाव से पहले दस गारंटी दी थीं जिन्हें सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पूरा कर रहे हैं। यह गारंटी उन लोगों से जुड़ी हैं जिन्हें सालों से न्याय नहीं मिला है। उनके बच्चों को शिक्षा नहीं मिली है। मकान बनाने से लेकर व्यापार तक हर स्तर पर अन्याय का सामना करना पड़ा है। हम वादा करते हैं कि एमसीडी के स्कूलों से लेकर अस्पतालों को विश्वस्तरीय बनाएंगे और हर वादे को पूरा करेंगे। हम पार्कों को नया रूप दे रहे हैं। दिल्ली वासियों को जल्द कूड़े के पहाड़ों से छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने सीएम अरविंद केजरीवाल भरोसा देते हुए कहा कि एमसीडी का हर कर्मचारी और अधिकारी अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करेगा और दिल्ली को दुनिया का नंबर वन शहर बनाने के संकल्प को पूरा करने में मदद करेगा।






